Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

महर्षि आजाद राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में तीसरे दिन देखने को मिले रोमांचक मुकाबले
BHADOHI NEWS: सुरियावां क्षेत्र स्थित महर्षि आजाद स्टेडियम, मेढ़ी में तेजधर ब्रह्मबाबा खेल समिति द्वारा आयोजित महर्षि आजाद राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन मंगलवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के अंतर्गत दो मैच खेले गए, जिनमें पहले मुकाबले में मास्टर एकेडमी भदोही और सुल्तानपुर की टीमें आमने-सामने रहीं, जबकि दूसरे मैच में वाराणसी और कानपुर के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। पहले मैच में मास्टर एकेडमी भदोही की घातक गेंदबाजी के आगे सुल्तानपुर की पूरी टीम मात्र 43 रन (10.5 ओवर) पर सिमट गई। भदोही की ओर से गेंदबाज अश्विनी रावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी मास्टर एकेडमी भदोही की टीम ने मात्र 5.4 ओवर में ही जीत हासिल कर ली। वैभव ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 5 गेंदों में नाबाद 21 रन बनाकर टीम को 8 विकेट से शानदार जीत दिलाई। दिन के दूसरे मुकाबले में वाराणसी और कानपुर की टीमें आमने-सामने रहीं। टॉस जीतकर वाराणसी के कप्तान ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 145 रन बनाए। कानपुर की ओर से दीपांशु ने 37 रन, अमन चैबे ने 21 रन तथा वेद प्रकाश ने नाबाद 22 रन की उपयोगी पारी खेली। वाराणसी की ओर से गेंदबाजी में हरिओम चैबे ने 3 विकेट और कप्तान अजीत भाई ने 2 विकेट लेकर रनगति पर अंकुश लगाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाराणसी की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 123 रन ही बना सकी। टीम की ओर से अनुभव जय प्रकाश सिंह ने 37 रन और करण पाल ने 22 रन का योगदान दिया। अंत में एमआर आर्यन पटेल (नाबाद 12) और अंश भारद्वाज (10) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। कानपुर की ओर से गेंदबाजी में आदित्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि राज सोनी ने 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम को दबाव में रखा। इस तरह कानपुर की टीम ने 22 रनों से जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का अगला मैच आजाद स्पोर्ट्स क्लब बनाम एमआरसीसी विंध्याचल तथा सोनभद्र बनाम सेवा श्रम इंटर कॉलेज सुरियावां के बीच खेला जाएगा।
इस मौके पर समिति के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सचिव अमर बहादुर सिंह, विजयशंकर राय, राजमणि पांडेय, राजकुमार सरोज, जेपी सिंह, रामजीत यादव, श्याम बहादुर यादव, दिनेश यादव ‘दादा’, परमेंद्र गौतम सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।