डीआईओएस ने किया कई समस्याओं का तुरंत समाधान

संवाद के माध्यम से समस्याओं का कराना है समाधान:डा हरिप्रकाश यादव

PRAYAGRAJ NEWS:  उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) प्रयागराज का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष देवराज सिंह के नेतृत्व में जिला विद्यालय निरीक्षक प्रयागराज (डीआईओएस) पीएन सिंह एवं लेखाधिकारी विश्वजीत सिंह से उनके कार्यालय में आज भेंट कर अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों (एडेड) में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न दीर्घकालिक एवं ज्वलंत समस्याओं की जानकारी दिया। एकजुट प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के समक्ष वेतन भुगतान में हो रही अनावश्यक देरी, चयन वेतनमान एवं प्रोन्नत वेतनमान से संबंधित प्रकरणों के लंबित रहने, सेवा पुस्तिकाओं के अद्यतन न होने, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, अवकाश स्वीकृति, एरियर भुगतान, नियुक्ति एवं पदोन्नति से जुड़े मामलों, मृतक आश्रित नियुक्ति, तथा लेखा अनुभाग से संबंधित तकनीकी अड़चनों को क्रमवार एवं विस्तार से रखा। जिला विद्यालय निरीक्षक पीएन सिंह एवं लेखाधिकारी विश्वजीत सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का तत्काल निस्तारण कराकर शिक्षकों एवं कर्मचारियों को राहत प्रदान की। शेष लंबित प्रकरणों के संबंध में संबंधित पटल सहायकों को आवश्यक निर्देश देते हुए शीघ्र समस्या समाधान का भरोसा दिलाया गया।
एकजुट के प्रदेश संरक्षक डा.हरि प्रकाश यादव ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल समस्याएं उठाना ही नहीं, बल्कि संवाद के माध्यम से उनका समाधान कराना भी है। प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र वर्मा ने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि शिक्षकों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता बनाए रखी जाए। प्रदेश आय व्यय निरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होने से शैक्षणिक वातावरण भी सुदृढ़ होता है। जिला मंत्री देवी प्रसाद यादव ने संघ की ओर से निरंतर संघर्ष और संवाद की नीति को दोहराया। इस दौरान एकजुट के मंडली अध्यक्ष मिथिलेश मौर्य, मंडलीय मंत्री लक्ष्मी नारायण सिंह, जिला उपाध्यक्ष विजय प्रकाश विद्रोही, आशीष गुप्ता, दिनेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हुआ तो शिक्षक मानसिक एवं आर्थिक रूप से प्रभावित होते हैं। प्रतिनिधिमंडल ने डीआईओएस एवं लेखाधिकारी के सहयोगात्मक एवं सकारात्मक रवैये की प्रशंसा करते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और समन्वय बना रहेगा। जिलाध्यक्ष देव राज सिंह ने कहा कि माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट सदैव शिक्षक हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ शिक्षकों की आवाज को प्रशासन एवं शासन तक पहुंचाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *