Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

PRAYAGRAJ NEWS: एनसीसी ग्रुप मुख्यालय प्रयागराज के तत्वावधान में 17 यूपी बटालियन एनसीसी, प्रयागराज द्वारा पाँच दिवसीय पैरासेलिंग एडवेंचर एक्टिविटी कैंप का आयोजन फाफामऊ वायु सेना क्षेत्र, पंडिला महादेव जी हवाई पट्टी, प्रयागराज में किया जा रहा है। यह शिविर साहस, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के मूल्यों से अनुप्राणित होकर युवा कैडेट्स के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सशक्त पहल है। इस पाँच दिवसीय साहसिक शिविर का नेतृत्व एनसीसी ग्रुप कमांडर, प्रयागराज ब्रिगेडियर उपेन्द्र सिंह कांदिल एवं लेफ्टिनेंट कर्नल अरविन्द सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर ब्रिगेडियर महोदय ने स्वयं पैरासेलिंग बैलून द्वारा उड़ान भरकर कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया तथा साहसिक प्रशिक्षण के महत्व को व्यवहारिक रूप में प्रदर्शित किया। अपने प्रेरक संबोधन में ब्रिगेडियर कांदिल ने कहा कि एडवेंचर प्रशिक्षण अनुशासनबद्ध, आत्मनिर्भर एवं सशक्त युवाओं के निर्माण की आधारशिला है। यह प्रशिक्षण कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, साहस तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है, जो राष्ट्र निर्माण में उनकी प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करता है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स में नेतृत्व गुणों का विकास, आत्मविश्वास का सुदृढ़ीकरण तथा साहसिक दृष्टिकोण का निर्माण करना है। शिविर का आयोजन कड़े सुरक्षा मानकों के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसमें प्रशिक्षित प्रशिक्षकों की सतत निगरानी, मानक सुरक्षा उपकरणों का पूर्ण उपयोग तथा निर्धारित प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया गया है, जिससे कैडेट्स को एक सुरक्षित, रोमांचक एवं समृद्ध अनुभव प्राप्त हो सके। एनसीसी प्रशिक्षण का अभिन्न अंग रही इस प्रकार की साहसिक गतिविधियाँ युवाओं में चरित्र निर्माण, सौहार्द, अनुशासन तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस एडवेंचर कैंप में 500 से अधिक एनसीसी कैडेट्स उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रहे हैं। यह गतिविधि 17 यूपी बटालियन एनसीसी, प्रयागराज के लेफ्टिनेंट कर्नल अरविंद सिंह के नेतृत्व एवं कुशल प्रबंधन में सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। शिविर के प्रथम दिवस 15 यूपी बटालियन एनसीसी प्रयागराज एवं 17 यूपी बटालियन एनसीसी प्रयागराज के कैडेट्स ने सहभागिता की।
इस अवसर पर 6 यूपी गर्ल्स बटालियन की लेफ्टिनेंट कर्नल फराह दीबा का योगदान भी अत्यंत सराहनीय एवं उल्लेखनीय रहा।
यह पाँच दिवसीय पैरासेलिंग एडवेंचर कैंप न केवल साहसिक प्रशिक्षण का प्रतीक है, बल्कि यह “एकता और अनुशासन” के एनसीसी मंत्र को साकार करते हुए राष्ट्र के लिए समर्पित, सक्षम एवं आत्मविश्वासी युवा नेतृत्व के निर्माण की दिशा में एक प्रेरणास्पद कदम है।