Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान (ब्यूरो प्रमुख) पचपेड़वा में बिजली बिल राहत योजना 2025-26 के तहत राजस्व वसूली में जुटे बिजली विभाग के कर्मचारियों पर हमले थम नहीं रहे हैं। 15 जनवरी 2026 को 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र पचपेड़वा (आईपीडीएस) में तैनात संविदा लाइनमैन रवि सिंह के साथ बर्बर मारपीट की गई। इस मामले में अब तक प्रभावी कार्रवाई न होने से विभागीय कर्मचारियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। 24 दिसंबर 2025 को पुरानी बाजार पचपेड़वा क्षेत्र में बिजली बिल राहत योजना के अंतर्गत डोर-टू-डोर राजस्व वसूली अभियान चलाया गया था। इस दौरान बकायेदार उपभोक्ताओं की बिजली लाइनें काटी गई थीं। इसी रंजिश में 15 जनवरी की शाम करीब 8:30 बजे, जब लाइनमैन रवि सिंह पंप नंबर-03 का फ्यूज जोड़कर शटडाउन लेकर वापस लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि नसीम, शब्बीर (रिक्शा चालक), सलमान, असलम कुरैशी, उसमान, रेहान, असलम सहित कई अन्य लोगों ने बैट और हॉकी से लैस होकर रवि सिंह को घेर लिया और बेरहमी से पीटा। इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे रवि सिंह को गंभीर चोटें आईं। घटना की एफआईआर थाना पचपेड़वा में दर्ज कराई गई है, लेकिन आरोप है कि केवल दो लोगों को औपचारिक गिरफ्तारी के बाद छोड़ दिया गया। हमलावरों ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर स्टेटस भी लगाया है। इतना ही नहीं, अब यही लोग कर्मचारियों को खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि यदि किसी बकायेदार की लाइन काटी गई तो “रवि सिंह जैसा हाल किया जाएगा।” प्रभावी कार्रवाई न होने से बिजली विभाग के कर्मचारी भयभीत हैं और राजस्व वसूली सहित अन्य कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। इसी के विरोध में बुधवार को विद्युत वितरण उपखण्ड पचपेड़वा पर कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर न्याय की मांग की। अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने जिलाधिकारी बलरामपुर से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और सरकारी योजनाओं का निर्बाध क्रियान्वयन सुनिश्चित नहीं हो सकेगा