डीएम ने किया वन स्टॉप सेंटर व चाइल्ड हेल्प लाइन का औचक निरीक्षण

दिवारों पर लिखें अधिकारियों के नंबर, एक माह में भरें रिक्त पद: जिलाधिकारी

SIDHARTHNAGAR NEWS:  जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बुधवार को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित वन स्टॉप सेंटर और चाइल्ड हेल्प लाइन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने केंद्रों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चाइल्ड हेल्प लाइन के निरीक्षण के दौरान संवासी पंजिका की जांच में पाया गया कि दिसंबर 2025 में 02 और जनवरी 2026 में अब तक 04 बच्चे संवासित हुए हैं। मौके पर रोस्टर के अनुसार सभी कार्मिक उपस्थित मिले। डीएम ने देखा कि हेल्प लाइन के एक कक्ष में विशेष दत्तक ग्रहण इकाई के संचालन हेतु सामग्री संरक्षित की गई है, जिसकी भर्ती प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। डीएम ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि कार्यालय की दीवारों पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और जिला प्रोबेशन अधिकारी के मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से लिखवाएं जाएं और कार्यालय का साइन बोर्ड भी लगवाया जाए। उन्होंने सभी रिक्त पदों को एक माह के भीतर भरने के सख्त निर्देश दिए। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर स्थित ‘सखी’ वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। पंजिका के अनुसार दिसंबर में 36 और जनवरी में अब तक 17 पीड़िताएं संवासित हुई हैं। निरीक्षण के समय केंद्र पर 05 पीड़िताएं मौजूद मिलीं, जबकि 02 मेडिकल परीक्षण हेतु अस्पताल गई थीं। जिलाधिकारी ने सेंटर पर संचालित ‘हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन’ कार्यालय का भी अवलोकन किया और वहां मौजूद कार्मिकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *