गड़वारा में 8 दिवसीय बादशाह कैनवस क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों की रहेगी विशेष मौजूदगी



प्रतापगढ़ जनपद में खेल प्रेमियों के लिए एक बार फिर उत्साह और रोमांच से भरपूर माहौल बनने जा रहा है। आरटीओ कार्यालय गड़वारा के सामने स्थित विशाल क्रिकेट मैदान में बादशाह कैनवस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन आज से प्रारंभ हो रहा है। यह प्रतियोगिता लगातार आठ दिनों तक चलेगी, जिसमें क्षेत्र की दर्जनों टीमें प्रतिभाग करेंगी।

इस भव्य क्रिकेट आयोजन का उद्घाटन नगर पंचायत गड़वारा के अध्यक्ष प्रतिनिधि सचिन सिंह (शोलू) द्वारा किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार, इस टूर्नामेंट में खेल के साथ-साथ सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश भी दिया जाएगा।

आयोजन में राजनीतिक, सामाजिक और अन्य विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह मुन्ना यादव, कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी, समाजवादी पार्टी के नेता संजय पांडे, जनसत्ता दल के नेता एवं जिला पंचायत सदस्य विश्वजीत सिंह मोहित सहित कई गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।



प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीमों के लिए आकर्षक पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है, वहीं भाग लेने वाली सभी टीमों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित की गई है।

इस प्रतियोगिता के आयोजक मंडल में सभासद एवं कार्यक्रम अध्यक्ष इबरार अली की अहम भूमिका है। उनके साथ संरक्षक असलम शेर, शिवा वैश्य, मनीष सिंह ‘लम्मरदार’, अमन सिंह, सुजीत सिंह (नन्हें भाई) – माँ शक्ति हॉस्पिटल प्रतापगढ़, तथा नवाब अली (पूर्व प्रधान शुकुलपुर) सक्रिय रूप से आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

कार्यक्रम अध्यक्ष इबरार अली ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने का एक प्रयास है। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
हामिद इब्राहिम (पत्रकार)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *