कृषि भवन में एग्रो क्लाइमेटिक जोन स्तरीय तीन दिवसीय विराट किसान मेला आयोजित

फतेहपुर सहित रायबरेली, कन्नौज, लखनऊ व फर्रुखाबाद के किसानों की रही सहभागिता

FATEHPUR NEWS:  कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एग्रो क्लाइमेटिक जोन स्तरीय तीन दिवसीय विराट किसान मेला कृषि भवन प्रांगण, फतेहपुर में आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मेले का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें फतेहपुर जनपद के साथ-साथ रायबरेली, कन्नौज, लखनऊ एवं फर्रुखाबाद जनपदों के किसानों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः कृषक पंजीकरण के साथ हुआ। मेले की मुख्य अतिथि विधायक खागा कृष्णा पासवान रहीं। उप कृषि निदेशक द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों को दी गई। कार्यक्रम में डॉ. राम सकल वर्मा, पूर्व निदेशक प्रसार, पंजाब कृषि विश्वविद्यालय द्वारा कृषि यंत्रीकरण विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने रबी फसलों की सुरक्षा, पशुपालन, मौसम विभाग की उपयोगिता एवं उद्यानिकी की नवीनतम तकनीकों पर किसानों को जागरूक किया। इस अवसर पर संजय कुमार, सहायक कृषि रक्षा अधिकारी ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी, वहीं कुँवर सेन गंगवार, जनपद सलाहकार, फतेहपुर द्वारा किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जनपद फतेहपुर के प्रगतिशील कृषक बजरंग सिंह ने दलहनी फसलों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। अन्य जनपदों से आए प्रगतिशील किसानों ने भी अपने अनुभवों से किसानों को लाभान्वित किया। मेले के दौरान कृषक–वैज्ञानिक प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम आयोजित कर किसानों की समस्याओं का समाधान किया गया साथ ही भूमि संरक्षण अधिकारी, राष्ट्रीय जलागम, फतेहपुर एवं भूमि संरक्षण अधिकारी, ई०ई०सी०–खागा द्वारा जल संरक्षण, भूमि संरक्षण, खेत तालाब योजना एवं नहर कटान से बचाव से संबंधित जानकारी दी गई। अंत में मुख्य अतिथि विधायक खागा कृष्णा पासवान ने किसानों को संबोधित करते हुए आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन अमित कुमार, भूमि संरक्षण अधिकारी, ई०ई०सी०–खागा, फतेहपुर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *