किसान दिवस में किसानों की समस्याओं पर हुआ मंथन, योजनाओं की दी गई जानकारी

FATEHPUR NEWS: उप कृषि निदेशक कार्यालय स्थित कृषि भवन सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नरोत्तम कुमार, उप कृषि निदेशक, डॉ. वेदवृत्त गंगवार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, विद्युत, सिंचाई, लघु सिंचाई, गन्ना, फसल बीमा, जल निगम सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे। बैठक का संचालन उप कृषि निदेशक नरोत्तम कुमार ने किया। उन्होंने पिछली बैठक में आई शिकायतों के अनुपालन की जानकारी देते हुए शासन की लाभार्थीपरक योजनाओं पर प्रकाश डाला। साथ ही कृषकों से फार्मर रजिस्ट्री कराने तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर गोपाल कृष्णा, अग्रणी जिला प्रबंधक ने बैंक द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कृषि यंत्र, पशुपालन, मत्स्य पालन आदि के लिए ऋण आवेदन करने तथा फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल बुआई की सूचना एवं सहमति पत्र केसीसी नवीनीकरण के समय बैंकों में जमा कराने का आग्रह किया। डॉ. वेदवृत्त गंगवार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने पशुपालन विभाग की बकरी पालन, भेड़ पालन, मुर्गी पालन सहित विभिन्न अनुदान योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। किसान दिवस में उपस्थित किसानों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। राकेश यादव, किसान नेता भारतीय किसान यूनियन ने जनपद में बंदरों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने की मांग की। देवेंद्र कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष भारतीय किसान संघ ने साधन सहकारी समितियों में जोत के आधार पर प्राथमिकता से उर्वरक वितरण कराने की मांग उठाई। अरुण कुमार शुक्ला, निवासी ग्राम व पोस्ट डीघ ने लघु सिंचाई विभाग द्वारा कराई गई मध्यम गहरी बोरिंग के अनुदान की धनराशि वापस दिलाने की मांग की। वहीं बिंदा प्रसाद, निवासी ग्राम केशवपुर ने 27 नंबर कुलाबा की ध्वस्त नाली का निर्माण कराए जाने की मांग रखी। किसान दिवस के समापन पर उप कृषि निदेशक ने उपस्थित सभी अधिकारियों से किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्रों के शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताते हुए अधिकारियों एवं किसानों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *