Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

धर्मांतरण मामले में फरार मुख्य आरोपी फरीद पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
MIRZAPUR NEWS: (अमरेश चन्द्र पाण्डेय) कहा गया है कि कानून के हाथ बहुत लंबे होते है, इससे साबित कर दिया जनपद पुलिस प्रशासन ने। धर्मांतरण से जुड़े आरोपी कुछ समय से पुलिस से लुका छिपी का खेल रहे थे, किंतु सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की गर्दन दबोच ही लिया। थाना देहात कोतवाली और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने गुरुवार की सुबह धर्मांतरण के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी फरीद अहमद को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। थाना देहात कोतवाली में जिम की आड़ में लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर धर्मांतरण और शोषण करने के दो मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में पहले ही दो जिम मालिक और दो जिम ट्रेनरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस उपमहानिरीक्षक सोमेन वर्मा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 4 टीमों का गठन किया हैं।
गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी फरीद अहमद खड़ंजाफाल क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना पर देहात कोतवाली पुलिस व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की,जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा (315 बोर), एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। घायल आरोपी को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहां उसका ईलाज चल रहा हैं, उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
उक्त पुलिस मुठभेड़ एवं गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना देहात कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। घटना में शामिल बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।