Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

पंकज त्रिपाठी, कृषि निदेशक रहें मुख्य अतिथि
FATEHPUR NEWS: सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एग्रोक्लाइमेटिक जोन स्तरीय तीन दिवसीय विराट किसान मेला का आयोजन 20, 21 एवं 22 जनवरी को कृषि भवन प्रांगण, फतेहपुर में किया गया। मेले का समापन तृतीय दिवस को हुआ। अंतिम दिन किसानों का पंजीकरण प्रातः 9:30 बजे से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पंकज त्रिपाठी, कृषि निदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा किया गया। इस अवसर पर संयुक्त कृषि निदेशक संतोष कुमार राय, उप कृषि निदेशक नरोत्तम कुमार, भूमि संरक्षण अधिकारी अमित कुमार, अख्तर हुसैन, अग्रणी जिला प्रबंधक गोपाल कृष्णा सहित विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। मेले में कृषि, उद्यान, मत्स्य, रेशम, ग्राम्य विकास, श्रम, दिव्यांगजन, नमामि गंगे, इफ्को, बीज एवं खाद विक्रेता संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों, एफपीओ तथा कृषि यंत्र विक्रेता फर्मों द्वारा स्टॉल लगाए गए। स्टॉलों के माध्यम से किसानों को कृषि यंत्रों, उन्नत बीजों, जैविक उत्पादों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कृषि वैज्ञानिकों द्वारा उन्नत कृषि तकनीक, कीट एवं रोग नियंत्रण, पशुपालन, मृदा एवं जल संरक्षण, मिलेट्स (श्री अन्न) की खेती सहित विभिन्न विषयों पर किसानों को जानकारी दी गई। उप कृषि निदेशक नरोत्तम कुमार ने पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम कुसुम योजना, फसल बीमा योजना, बीज वितरण एवं फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की। कृषि निदेशक पंकज त्रिपाठी ने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने, मिलेट्स की खेती अपनाने, जल संरक्षण करने, पराली न जलाने, संतुलित उर्वरक उपयोग एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में कृषक–वैज्ञानिक संवाद के माध्यम से उन्नतशील किसानों के अनुभव साझा किए गए। अंत में उप कृषि निदेशक द्वारा सभी अधिकारियों, वैज्ञानिकों एवं किसानों का आभार व्यक्त करते हुए तीन दिवसीय विराट किसान मेले का समापन किया गया।