रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में हाईटेक नर्सरी की स्थापना

बुंदेलखंड के किसानों को मिलेगा गुणवत्तायुक्त सब्जी पौध का लाभ

JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वित्त पोषित उद्यानिकी विभाग, उत्तर प्रदेश की हाईटेक नर्सरी योजना के अंतर्गत रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी में अत्याधुनिक हाईटेक नर्सरी की स्थापना की गई है। यह नर्सरी बुंदेलखंड क्षेत्र में सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने इस अवसर पर बताया कि हाईटेक नर्सरी के माध्यम से कम समय में उच्च गुणवत्ता, स्वस्थ एवं रोगमुक्त पौध तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि मिर्च, टमाटर, बैंगन, गोभी, फूलगोभी एवं पत्ता गोभी जैसी प्रमुख सब्जी फसलों की पौध किसानों की मांग के अनुरूप हमेशा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे बुंदेलखंड क्षेत्र के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और सब्जी उत्पादन में लागत कम होकर मुनाफा बढ़ेगा। सब्जी विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस हाईटेक नर्सरी में आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों से पौध उत्पादन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “किसानों की आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सब्जी फसलों की पौध तैयार कर समय पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे सब्जी खेती अधिक व्यवस्थित, उन्नत और लाभकारी बन सके।” हाईटेक नर्सरी की स्थापना से बुंदेलखंड क्षेत्र में उन्नत सब्जी उत्पादन को नई दिशा मिलेगी और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ा जा सकेगा। इस अवसर पर निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. सुशील कुमार सिंह, अधिष्ठाता कृषि डॉ. आरके सिंह, अधिष्ठाता उद्यानिकी एवं वानिकी डॉ. मनीष श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष पुष्प विज्ञान डॉ. गौरव शर्मा तथा जिला उद्यान अधिकारी झांसी प्रशांत कुमार सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, वैज्ञानिक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *