Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: अयोध्या में श्री राम मंदिर स्थापना के दो वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर मंगलवार को सीमावर्ती कस्बे बढ़नी में श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। विश्व हिंदू रक्षा संगठन के नेतृत्व में निकाली गई भव्य शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया, जिससे पूरा नगर ‘जय श्री राम’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा का शुभारंभ नगर के राम जानकी मंदिर से विधि-विधान के साथ हुआ। यहाँ से शुरू होकर यात्रा गोला बाजार, डीहवा और आजाद नगर जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरी। यात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। डीजे की धुन पर बज रहे भक्ति गीतों और रामभक्तों के उत्साह ने पूरे वातावरण को राममय बना दिया। यात्रा में महिलाओं और बच्चों की भारी भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा का समापन जीएफसी होटल के पास हुआ, जहाँ मुख्य अतिथि सिंगेश्वरी मंदिर के महंत दीपंशु महाराज ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश राम मंदिर स्थापना का उत्सव मना रहा है, जो हमारी अटूट आस्था और सनातन संस्कृति का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में धार्मिक चेतना जागृत होती है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष बृजेश पांडेय, चेयरमैन सुनील अग्रहरि, संजय मोदनवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष कन्हैया मित्तल,मंडल अध्यक्ष उत्कर्ष श्रीवास्तव, प्रखंड मंत्री शुभम गुप्ता, पवन वर्मा, गोकुल गोयल, मिथलेश पांडेय, संजय मित्तल और राजू शाही सहित हजारों लोग शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ढेबरुआ थाना प्रभारी नारायण लाल श्रीवास्तव और चौकी प्रभारी वीरेंद्र यादव, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, अर्जुन यादव ,धर्मेंद्र यादव सहित पुलिस के जवान मुस्तैद रहे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।