Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: सनातन स्वाभिमान के प्रतीक अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के पावन अवसर पर गुरुवार को सदर विधायक श्यामधनी राही की अगुवाई में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ग्राम धौरीकुइयाँ स्थित श्री राम जानकी मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्यामधनी राही की उपस्थिति में सुंदरकांड के पाठ से हुआ। इस दौरान पूरा परिसर ‘जय श्री राम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से गुंजायमान रहा। पाठ के उपरांत आयोजित भव्य भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर विधायक ने सेवा भाव का परिचय देते हुए उपस्थित साधु-संतों को कंबल वितरित कर उनका आशीर्वाद लिया। मीडिया से रूबरू होते हुए विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि मंदिर का स्थापना दिवस समस्त हिंदू जनमानस के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने सभी को बधाई देते हुए कहा कि यह पावन अवसर सत्य, धर्म और राष्ट्रीय चेतना की विजय का प्रतीक है, जो युगों-युगों तक मानवता को प्रेरणा प्रदान करता रहेगा। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि सत्य प्रकाश राही, सिंघेश्वरी मंदिर के महंत शिव प्रसाद त्यागी, नितेश पांडेय, सुरेंद्र पांडेय, गंगा मिश्र, विवेक सिंह, शनि पांडेय, रामस्वरूप अग्रहरि, श्याम सुंदर मित्तल, आर्चिसमान मिश्र और नीरज श्रीवास्तव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।