Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

एसओजी, सर्विलांस व इंटेलिजेंस टीम की संयुक्त जांच से खुलासा
FATEHPUR NEWS: थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में 68 वर्षीय वृद्ध जयराज मान सिंह की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त चाकू सहित अन्य सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 21 जनवरी को यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि थाना कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय के पास सरसों के खेत में एक वृद्ध का शव पड़ा है। सूचना पर थाना कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान जयराज मान सिंह पुत्र आनंद चंद्र मान सिंह, निवासी सिविल लाइन, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा एसओजी, सर्विलांस सेल और इंटेलिजेंस विंग को लगाया गया। मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक, फॉरेंसिक और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध अंकित मिश्रा से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने करीब एक माह पहले हत्या की योजना बनाई थी। 21 जनवरी को वह मृतक को जमीन की नाप कराने के बहाने कार से सरसों के खेत तक ले गया, जहां पीछे से चाकू से वार कर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया और खुद को निर्दोष दिखाने के लिए यूपी-112 पर सूचना भी दी। पुलिस ने आरोपी अंकित मिश्रा पुत्र सुभाष मिश्रा, निवासी तांबेश्वर नगर थाना कोतवाली नगर, जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े, वैन-आर कार, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार हत्या का मुख्य कारण जमीन से जुड़ा लालच और आर्थिक लाभ बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।