प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में मां सरस्वती व नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की मनाई गई जन्मतिथि

FATEHPUR NEWS: कड़ा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में शुक्रवार को वसंत पंचमी के अवसर पर ज्ञान की देवी मां सरस्वती व देश की आजादी में योगदान देने वाले महान क्रांतिकारी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती धूमधाम से मनाई गई।
सर्वप्रथम छात्रों व शिक्षकों ने उनके चित्रों पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करते हुए पूजा अर्चना किया। उसके बाद शिक्षक रामकृष्ण साहू ने   नेताजी सुभाष चंद्र के जीवन परिचय के संबंध में छात्रों को विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने बताया कि सुभाष चन्द्र का जन्म 23 जनवरी 1897 को एक प्रतिष्ठित, सुसंकृत और शिक्षित परिवार में हुआ था। पारिवारिक वातावरण ने नेताजी के व्यक्तित्व में अनुशासन, देशभक्ति और दृढ़ नैतिक मूल्यों का संचार किया। नेताजी ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को अतंर्राष्ट्रीय पहचान दिलाई। उन्होंने जर्मनी, जापान और दक्षिण एशिया के देशों से संपर्क स्थापित कर भारत की आजादी के लिए राजनीतिक, सैन्य और नैतिक समर्थन जुटाया व आजाद हिंद फौज की स्थापना कर वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई। उनका ओजस्वी उद्घोष तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हे आजादी दूंगा। आज भी राष्ट्र के युवाओं में साहस, त्याग और बलिदान की ज्वाला प्रज्ज्वलित करता है। शिक्षिका रिया सेठी ने कहा कि आज वसंत पंचमी का पावन पर्व भी है। वसंत पंचमी तिथि को ही ज्ञान की देवी मां सरस्वती का अवतरण दिवस मनाया जाता है जिसे हम सब ने मिलकर विद्यालय में श्रद्धापूर्वक मनाया। सभी ने मिलकर मां सरस्वती को श्रद्धापूर्वक पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन व वंदन किया। कार्यक्रम में शिक्षक रामकृष्ण साहू, माया सिंह, रिया सेठी, संध्या देवी पटेल व बीरेंद्र कुमार सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *