राहवीर योजना के प्रचार-प्रसार के लिए चला जागरूकता अभियान

वाहन चालकों व आम नागरिकों को दी गई योजना की जानकारी

BHADOHI NEWS:  सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की समय पर मदद सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही राहवीर योजना के अंतर्गत जनपद में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) राम सिंह द्वारा किया गया।
इस दौरान एआरटीओ राम सिंह ने बताया कि राहवीर योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को “गोल्डन आवर” के दौरान नजदीकी अस्पताल तक पहुंचाने वाले आम नागरिकों को प्रोत्साहित करना है। योजना के अंतर्गत ऐसे मददगार व्यक्ति को सरकार की ओर से 25,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है, साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। जागरूकता अभियान के दौरान वाहन चालकों, आम नागरिकों, ऑटो-टैक्सी चालकों एवं बस स्टाफ को योजना की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि दुर्घटना स्थल पर घायल की मदद करना न केवल मानवता का कर्तव्य है, बल्कि सरकार द्वारा इसे सम्मानित भी किया जाता है। एआरटीओ राम सिंह ने कहा कि अक्सर लोग कानूनी डर के कारण घायलों की मदद से पीछे हट जाते हैं, जबकि राहवीर योजना ऐसे सभी भ्रमों को दूर करती है। समय पर सहायता से कई बहुमूल्य जानें बचाई जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *