दहेज के लिए विवाहिता पर कहर: ससुराल वालों ने घर से निकाला, मासूम बच्ची से भी मिलने नहीं दिया

JAUNPUR NEWS:  जनपद जौनपुर के कोतवाली क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां शादी के कुछ ही महीनों बाद एक विवाहिता को ससुराल वालों ने मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि कम दहेज मिलने से नाराज़ ससुराल पक्ष ने न केवल मारपीट की, बल्कि उसके आभूषण भी जबरन रख लिए और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता आन्तमा गुप्ता का विवाह 25 नवंबर 2024 को हिंदू रीति-रिवाज से सिद्धार्थ गुप्ता पुत्र शिव कुमार गुप्ता, निवासी ख़्वाजादोस्त (सिपाह चौराहा), कोतवाली जौनपुर के साथ हुआ था। विवाह में पीड़िता के परिजनों द्वारा अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण, पायल, अंगूठियां, चांदी का नारियल, पान-सुपारी, मछली तथा कुल तीन लाख रुपये नकद व ऑनलाइन उपहार स्वरूप दिए गए थे। आरोप है कि विवाह के तुरंत बाद ही सास किरण गुप्ता, ससुर शिव कुमार गुप्ता, देवर हर्ष गुप्ता व पति सिद्धार्थ गुप्ता ने मिलकर दहेज को लेकर उत्पीड़न शुरू कर दिया। पीड़िता को घर में बंद कर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इस दौरान एक बच्ची का जन्म भी हुआ, लेकिन पीड़िता को अपनी ही संतान से मिलने तक नहीं दिया गया। पीड़िता का कहना है कि 12 सितंबर 2025 को दबाव बनाकर कुछ असामाजिक तत्वों की मौजूदगी में उससे जबरन एक समझौता पत्र पर हस्ताक्षर करा लिए गए। इसके बाद ससुराल वालों ने मोटरसाइकिल और तीन लाख रुपये की मांग करते हुए चेतावनी दी कि बिना दहेज लाए घर में कदम न रखे।
आरोप है कि इसके बाद पीड़िता को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई और घर से भगा दिया गया। पीड़िता किसी तरह अपने रिश्तेदारों को सूचना देकर मायके पहुंची। इस दौरान उसके सोने-चांदी के निजी आभूषण पायल, लॉकेट, झुमके और मारवाड़ी नथूनी ससुराल वालों ने जबरन रख लिए। पीड़िता के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और वह पूरी तरह असहाय स्थिति में है। न्याय की गुहार लेकर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक जौनपुर को शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला संज्ञान में लिया गया है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *