Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के गरिमामयी अवसर पर शनिवार को सदर ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय लमतिहवा में ‘शिक्षा चौपाल’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ‘टीम यशोभूमि’ के संस्थापक अध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जनसमुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक विकसित समाज और राष्ट्र के निर्माण में शिक्षा ही बुनियादी आवश्यकता है। बुनियादी शिक्षा से सभी बच्चों को जोड़ने के लिए सरकार द्वारा नि:शुल्क यूनिफॉर्म, मध्याह्न भोजन एवं अन्य विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएं प्रभावी ढंग से चलाई जा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन एवं नियमित उपस्थिति में अपना सक्रिय सहयोग दें, जिससे सभी बच्चे ‘निपुण’ बनें और निपुण उत्तर प्रदेश के माध्यम से निपुण भारत का सपना साकार हो सके। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बाबा सुमेरदास ने प्रेरक शैक्षिक गीत प्रस्तुत कर जनसमुदाय में उत्साह भरा और शिक्षा के प्रति जागरूक किया। इसी क्रम में विद्यालय में उत्कृष्ट शैक्षिक कार्य करने वाले शिक्षकों साधना श्रीवास्तव, संघशील झलक, रोमा उपाध्याय, विजया यादव, गीता चौधरी एवं हुस्न आरा को प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे नोडल शिक्षक संकुल नियाज़ अहमद ने बच्चों के नामांकन और स्कूल में उनके ठहराव के लिए शिक्षकों एवं समुदाय के बीच निरंतर समन्वय पर बल दिया। शिक्षा चौपाल में राम सुभग, अरुण त्रिपाठी, देवेंद्र त्रिपाठी, अमित द्विवेदी, विशाल कुमार सहित अभिभावक मीना, राधिका, के चंद्रावती, इंद्रावती, चयनमती, खदेरू, किसलावती एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।