Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

गणतंत्र दिवस की पूर्व सन्ध्या पर हुआ कार्यक्रम
SONBHADRA NEWS: गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, पल्हारी नगवां, सोनभद्र के बच्चों द्वारा आकाशवाणी ओबरा से एक भव्य एवं देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। यह कार्यक्रम डॉ. बृजेश महादेव (ब्लाक स्काउट मास्टर) के कुशल एवं प्रेरणादायी नेतृत्व में संपन्न हुआ। डॉ. बृजेश महादेव ने बताया कि आदिवासी अंचल के बच्चों के लिए यह क्षण अत्यंत ऐतिहासिक रहा। बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों, संवादों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, एकता और संस्कारों की प्रभावशाली अभिव्यक्ति की, जिसकी श्रोताओं एवं जनसामान्य द्वारा मुक्तकंठ से प्रशंसा की गई। कार्यक्रम में गायत्री, मंता, रूपा, अंजना, श्रवण, अभिमन्यु, अंजनी, संतोषी, हीरावती एवं इंद्रजीत ने सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुति ने यह सिद्ध किया कि दूरस्थ एवं विषम भौगोलिक क्षेत्र में स्थित विद्यालयों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी सशक्त पहचान बना सकते हैं। उल्लेखनीय है कि आकाशवाणी ओबरा से डॉ. बृजेश महादेव की मुनई भैया एवं उनके सहयोगियों के साथ कई बार वार्तालाप प्रसारित हो चुके हैं, किंतु बच्चों के साथ यह उनका दूसरा सराहनीय प्रयास रहा। इसके अतिरिक्त, डॉ. बृजेश महादेव का आकाशवाणी ओबरा से अनेक अवसरों पर काव्यपाठ भी प्रसारित किया जा चुका है। नवाचारी शिक्षक के रूप में डॉ. बृजेश महादेव की जनपद सोनभद्र में एक विशिष्ट पहचान है। शिक्षा, साहित्य, संस्कृति एवं नवाचार के क्षेत्र में उनके सतत प्रयास उन्हें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समाज के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में स्थापित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में डॉ. बृजेश कुमार सिंह महादेव, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष (राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, सोनभद्र) द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्राभिनंदन संबोधन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। यह संपूर्ण आयोजन विद्यालय, जनपद एवं आदिवासी अंचल के लिए गौरव का विषय बना।