Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

KAUSHAMBI NEWS: विकासखंड कड़ा के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत झंडारोहण से हुई, जिसे ग्राम प्रधान शिव प्रताप सिंह व एसआरजी ओम प्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से संपन्न कराया। राष्ट्रध्वज फहराते ही पूरा विद्यालय परिसर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक रामकृष्ण साहू व एसआरजी ओम प्रकाश सिंह ने बच्चों को गणतंत्र दिवस के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें अपने कर्तव्यों और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। नृत्य, गीत, कविता और नाट्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। विद्यालय में उपस्थित अभिभावकों ने बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की खुले दिल से सराहना की और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को एसआरजी ओम प्रकाश सिंह द्वारा मंच से प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हुई।
कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिका माया सिंह, रिया सेठी व संध्या देवी पटेल उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षामित्र बीरेंद्र कुमार केसरवानी ने किया। अंत में सभी बच्चों को मिष्ठान्न वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया। गणतंत्र दिवस का यह आयोजन विद्यालय में देशभक्ति, अनुशासन और एकता का संदेश छोड़ गया।