Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

KAUSHAMBI NEWS: नगर पालिका परिषद मंझनपुर के अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ ने एक बार फिर संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए मानवीय पहल की है। सड़क दुर्घटना में दोनों पैर गंवा चुके जितेंद्र पासी के इलाज का पूरा जिम्मा उन्होंने अपने ऊपर ले लिया है। बताया गया कि फेसबुक के माध्यम से पीड़ित की जानकारी मिलने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष फौजी स्वयं तेजमती हॉस्पिटल पहुंचे और पीड़ित जितेंद्र पासी व उसके परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की और भरोसा दिलाया कि इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। जितेंद्र पासी पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा का निवासी है और वह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। दुर्घटना के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया था। ऐसे कठिन समय में नगर पालिका अध्यक्ष की इस पहल से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है। स्थानीय लोगों ने अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज फौजी की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि यदि इसी तरह संवेदनशीलता के साथ आगे आएं तो समाज में जरूरतमंदों को समय पर मदद मिल सकेगी।