Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

छात्राओं की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा अतिथियों का मन
KAUSHAMBI NEWS: विकास खण्ड कड़ा के अंबाई बुजुर्ग गांव में स्थित श्री महादेव सिंह बाल कन्या इंटरमीडिएट कॉलेज में 77 वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर को तिरंगे रंगों से सजाया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान हुआ , जिससे विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा।गणतंत्र दिवस समारोह में विद्यालय के प्रबंधक डॉ. लाल बहादुर, प्रधानाचार्य अजय सिंह यादव, संचालक सूबेदार सिंह यादव उर्फ पिंटू यादव एवं कार्यक्रम संचालक कप्तान सिंह यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।अपने संबोधन में अतिथियों ने भारतीय संविधान की महत्ता, लोकतंत्र की मजबूती तथा देश की आज़ादी में स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों को अपनाकर देश का जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।इसके उपरांत विद्यालय की छात्राओं द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। छात्राओं ने देशभक्ति गीत, सामूहिक नृत्य, कविता पाठ एवं स्वतंत्रता संग्राम तथा संविधान पर आधारित नाटकों के माध्यम से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। प्रस्तुत नाटकों में देश की आज़ादी, संविधान निर्माण और राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।कार्यक्रम में छात्राओं का अनुशासन, आत्मविश्वास और मंचीय प्रस्तुति सराहनीय रही। उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।गणतंत्र दिवस समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अभिभावक, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं वरिष्ठ लोग मौजूद रहे। सभी ने विद्यालय परिवार द्वारा किए गए सफल आयोजन की प्रशंसा करते हुए छात्राओं की प्रतिभा और विद्यालय के शैक्षिक व सांस्कृतिक वातावरण की सराहना की।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया तथा देश की एकता, अखंडता और संविधान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया गया।