Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बहुआ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सुजानपुर (बहुआ देहात) एवं मजरे लोधनपुर स्थित प्राइमरी स्कूलों में गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष एवं सुजानपुर ग्राम प्रधान, बहुआ ब्लॉक प्रधान संघ की अध्यक्ष हेमलता पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर उन्होंने ध्वजारोहण कर संविधान निर्माताओं एवं अमर वीर शहीदों को नमन किया। विद्यालयों में बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा वातावरण देशप्रेम से ओतप्रोत हो गया। गांव में तिरंगा फेरी निकालकर गणतंत्र दिवस को उत्सव के रूप में मनाया गया। इसी क्रम में बहुआ ब्लॉक के दसवांमील समदाबाद स्थित जेपीएमपी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट की शाखा स्वर्गीय जगन्नाथ पटेल पब्लिक इंटर कॉलेज में भी गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया। यहां समाज में उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए अध्यक्ष हेमलता पटेल को विद्यालय प्रबंधन द्वारा बैज एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान के लिए हेमलता पटेल ने विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उल्लेखनीय है कि शिक्षा क्षेत्र में अध्यक्ष हेमलता पटेल का योगदान सराहनीय रहा है। उनके प्रयासों से राजकीय महाविद्यालय, मॉडल इंटर कॉलेज तथा मजरे लोधनपुर में प्राइमरी स्कूल का निर्माण कराया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिल सकीं। इंटर कॉलेज परिसर में बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर हेमलता पटेल ने स्वयं देशभक्ति गीत गाकर अमर बलिदानियों को याद किया और बच्चों को गणतंत्र दिवस के महत्व, संविधान एवं देशप्रेम की भावना के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्राइमरी स्कूल के अध्यापक सुरेंद्र कुमार, अखिलेश पटेल, अर्चना सिंह, निशा, संगीता देवी तथा इंटर कॉलेज के अनीता देवी, संतोष कुमार, पंकज सिंह पटेल, योगेंद्र, मोहित कुमार वर्मा, नरेश कुमार सहित समस्त अध्यापकगण, विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में गणतंत्र दिवस देशभक्ति, एकता और उल्लास के साथ मनाया गया।