Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा व स्वावलंबन की दी जानकारी
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज–5.0” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जनपद में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एण्टी रोमियो टीम द्वारा चलाया गया। अभियान के दौरान जनपद के प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों एवं कॉलेजों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। टीमों द्वारा महिलाओं को बताया गया कि सरकार एवं पुलिस विभाग उनकी सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, इन योजनाओं का लाभ कैसे प्राप्त किया जा सकता है, इस बारे में भी महिलाओं को अवगत कराया गया। मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं की सहायता हेतु उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी पंपलेट के माध्यम से दी गई, जिनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 (इमरजेंसी कॉल/पैनिक बटन का मोबाइल पर डेमो), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एंबुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 प्रमुख रूप से शामिल हैं। फतेहपुर पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना किसी भय के इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे समाज में सम्मान के साथ निर्भीक होकर जीवन यापन कर सकें।