Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: एंबीशन पब्लिक स्कूल के तत्वावधान में 77वां गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के लॉ डिपार्टमेंट के प्रोफेसर मोहम्मद शकील अहमद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि प्रोफेसर शकील अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमारी एकता, अखंडता और संवैधानिक अधिकारों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमें पूर्ण स्वतंत्रता देता है, लेकिन यह आवश्यक है कि हम अपने सभी कार्य संविधान की मर्यादा में रहकर करें। वहीं कार्यक्रम में अधिवक्ता मो. आसिफ ने कहा कि वास्तविक आज़ादी तभी सार्थक है, जब देश का प्रत्येक नागरिक अपने संवैधानिक अधिकारों से अवगत हो और संविधान को पूर्ण रूप से अंगीकार करे। विद्यालय के प्रबंधक दिलशाद अहमद ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस दिन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। भाषण, देशभक्ति गीत एवं संगीत प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखकर उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो उठा। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य आरती सोनी, समस्त स्टाफ के साथ कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से बृजेश सोनी, अमरजीत भारती (शासकीय अधिवक्ता), धीरज कुमार (पूर्व सभासद), रज्जन गुप्ता तथा गाजी अब्दुल रहमान गनी की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।