फतेहपुर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास व धूमधाम से मनाया गया

FATEHPUR NEWS: जनपद फतेहपुर में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, शिक्षण संस्थाओं और सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस को गरिमामय ढंग से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद जिला पंचायत में अध्यक्ष द्वारा तिरंगा फहराया गया। इसी क्रम में लिल्स बगिया एवं पटेल इंटर कॉलेज में गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया, जहां मुख्य अतिथि प्रभुदत्त दीक्षित (पूर्व प्रधानाचार्य मन्नालाल दीक्षित इंटर कॉलेज, कोराई), शिवाजी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के निदेशक अतुल सिंह सचान तथा लिल्स बगिया की मैनेजर नेहा सिंह सचान ने ध्वजारोहण किया। विद्यालयों में बच्चों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से गणतंत्र दिवस को उत्सव के रूप में मनाया। खेल प्रतियोगिताओं में कबड्डी, बैडमिंटन, टैग ऑफ वॉर, हर्डल रेस, कलेक्ट बॉल, लेमन स्पून रेस, थ्री लेग रेस, म्यूजिकल चेयर, रैबिट रेस, बैलेंसिंग द बॉल, रिवर्स रेस आदि का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसी क्रम में जय मां सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज राधा नगर में “वंदे मातरम्” और “आत्मनिर्भर भारत” थीम पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रबंधक अजय प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को देशसेवा की शपथ दिलाई, जबकि प्रधानाचार्य विनय प्रताप सिंह ने कहा कि देश के कानून और संविधान का सम्मान करना ही गणतंत्र दिवस का सच्चा अर्थ है। साईं सिटी इंटर कॉलेज, मां सरस्वती ज्ञान मंदिर, साईं बिहार जयरामनगर सहित अन्य विद्यालयों में प्रभात फेरियां निकाली गईं। झांकियों में सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, रानी लक्ष्मीबाई, सरदार पटेल और डॉ. भीमराव अंबेडकर के रूप लोगों का मन मोह लिया। प्रभात फेरियों के बाद विद्यालय परिसरों में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। राम लखन आदर्श विद्या निकेतन गर्ल्स इंटर कॉलेज, उषा शोध विद्यालय, सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज शिवपुरम, रघुवंशपुरम, गंगानगर, सागर कॉन्वेंट, मां राम श्री उदयभान इंटर कॉलेज सहित कई शिक्षण संस्थानों में नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें अभिभावकों और नगरवासियों ने खूब सराहा। पूरे जनपद में “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ गणतंत्र दिवस का पर्व उल्लास, एकता और देशप्रेम के संदेश के साथ मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *