Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

संविलियन विद्यालय सदर में रजिस्टर में 109 बच्चे:क्लास में मिले 43, फर्जी उपस्थिति मामले में डीएम के निर्देश पर शिक्षामित्र पर कार्रवाई
LAKHIMPUR KHERI NEWS: मंगलवार को शहर के संविलियन विद्यालय सदर में बच्चों की फर्जी हाजिरी का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल के मंगलवार को किए गए निरीक्षण में रजिस्टर और कक्षाओं की वास्तविक स्थिति में बड़ा अंतर पाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और शिक्षामित्र के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। बताते चलें विद्यालय में कुल 166 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। शिक्षामित्र अर्चना द्वारा रजिस्टर में 109 बच्चों की उपस्थिति दर्ज की गई थी, लेकिन जिलाधिकारी के निर्देश पर जब भौतिक गिनती कराई गई तो कक्षाओं में केवल 43 बच्चे ही मौजूद मिले। इस भारी अंतर ने विद्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।डीएम ने मौके पर मौजूद खंड शिक्षा अधिकारी को तत्काल संबंधित शिक्षामित्र से स्पष्टीकरण लेने और उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हाजिरी में गड़बड़ी के चलते मध्यान्ह भोजन योजना पर भी संदेह जताया गया।जिलाधिकारी ने बच्चों की दर्ज संख्या के अनुसार कन्वर्जन कॉस्ट की जांच कराने और नामित एनजीओ की भूमिका की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला अधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद लखीमपुर को आदेश दिया कि पिछले एक माह में जिन बच्चों की उपस्थिति दिखाई गई है, उनका घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन कराया जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बच्चे वास्तव में विद्यालय में पढ़ रहे हैं या केवल कागजों में नाम दर्ज हैं।निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्यालय में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, परिसर व शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।इसके बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय राजापुर का भी निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। यहां बच्चों की उपस्थिति रजिस्टर से मेल खा रही थी, कक्षाएं नियमित रूप से संचालित हो रही थीं और मध्यान्ह भोजन योजना भी सुचारू रूप से चल रही थी।