Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

प्रतापगढ़ पुलिस ने नवाबगंज थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों के पास से कुल 552 साइकिल ट्यूब बरामद हुई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। गिरफ्तारी नान्हूपुरवा नहर पुल के पास से की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान महताब (उम्र 20 वर्ष) और मोहम्मद साहबान (उम्र 19 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि 26 जनवरी को नवाबगंज क्षेत्र में स्थित एक साइकिल की दुकान को निशाना बनाया गया था। चोर दुकान की छत के रास्ते अंदर घुसे और साइकिल ट्यूब, गल्ले में रखी नकदी तथा एक आधार कार्ड चोरी कर ले गए थे।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने दुकान के पीछे से चढ़कर करीब 20 बोरियों में भरे साइकिल ट्यूब चोरी किए थे। इनमें से कुछ ट्यूब बेचने के लिए वे ऊँचाहार की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई शेष साइकिल ट्यूब की बोरियां भी बरामद कर लीं, जिन्हें परियांवा कब्रिस्तान के पास सरसों के खेत के किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था।
फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है और यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का किसी अन्य चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं।