राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में टैंकर चालकों को दिलाई गई सुरक्षा शपथ

37वें सड़क सुरक्षा माह में नायरा एनर्जी ने चलाया जागरूकता अभियान

FATEHPUR/PAALI NEWS:  37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” के उद्देश्य को दृष्टिगत रखते हुए आज नायरा एनर्जी, पाली परिसर में पेट्रोलियम टैंकर वाहन चालकों हेतु सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी पाली, अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी गणपत पुनड़ तथा लोक निर्माण विभाग के मुख्य अधिशासी अभियंता राहुल पवार के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। कार्यक्रम जोधपुर–पाली हाईवे प्रबंधन के श्रीकांत के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान परिवहन निरीक्षक दलपत खिची, मीनाक्षी कैथरीन, नायरा एनर्जी से चंदन सिंह एवं सुनील यादव की उपस्थिति में पेट्रोलियम टैंकर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों, सुरक्षित एवं अनुशासित वाहन संचालन, यातायात नियमों के पालन, रात्रिकालीन दृश्यता बढ़ाने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर राजस्थान सरकार द्वारा राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ सीएसआर एवं सुरक्षा प्रबंधक फिरोज़ ख़ान ने वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, वाहन की नियमित तकनीकी जांच सुनिश्चित करने तथा सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा। प्रशासन द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के प्रयास निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। इस अवसर पर सैकड़ों वाहन चालकों को “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” की शपथ भी दिलाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *