Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सिद्धार्थनगर महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन करने के साथ ही जनपदवासियों को 1052 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने भगवान बुद्ध की पावन धरा को नमन करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान उपद्रव से नहीं, बल्कि उत्सवों से हो रही है। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शक्ति जब असुरों के हाथ में होती है तो विनाश होता है, लेकिन जब वह देवताओं के हाथ में आती है तो उत्थान होता है। डबल इंजन की सरकार इसी उत्थान के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थनगर का नाम राजकुमार सिद्धार्थ के नाम पर है, जिन्होंने कपिलवस्तु की इसी धरती से सत्य और ज्ञान की खोज शुरू की थी। मुख्यमंत्री ने जिले में बने मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और हाल ही में शिलान्यास किए गए मेडिकल छात्रावास व ऑडिटोरियम को स्वास्थ्य सेवाओं में मील का पत्थर बताया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान हो रही वर्षा को किसानों के लिए ‘अमृत’ बताते हुए कहा कि बिना किसी भेदभाव के 25 करोड़ जनता को परिवार मानकर विकास का बजट उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि मनरेगा में अब 125 दिन का रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा और रोजगार न मिलने पर मुआवजा भी मिलेगा। उन्होंने स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के लिए महोत्सव की प्रतियोगिताओं को ग्राम पंचायत स्तर से शुरू करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के आकस्मिक निधन पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि भी अर्पित की। सांसद जगदम्बिका पाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि 2017 के बाद जनपद की पहचान बाढ़ के बजाय कालानमक चावल और बेहतरीन हाईवे से होने लगी है। उन्होंने जापानी इंसेफेलाइटिस से मुक्ति और बौद्ध सर्किट के विकास को बड़ी उपलब्धि बताया। वहीं, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए जिले में स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के लिए नए उद्योग स्थापित करने का सुझाव दिया। विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही ने जिले को मेडिकल कॉलेज देने और ओडीओपी के माध्यम से कालानमक चावल को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए आभार प्रकट किया।
महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की और शिशुओं को अन्नप्राशन कराया। जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को श्री राम मंदिर का मॉडल भेंट किया, जबकि प्रशासनिक अधिकारियों ने भगवान बुद्ध का प्रतीकात्मक अस्थि कलश भेंट किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री अनिल राजभर, विधायक डुमरियागंज सैय्यदा खातून, विधायक श्यामधनी राही, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, आयुक्त अखिलेश सिंह, पुलिस महानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।