बाबा सत्यनारायण के सानिध्य में एक फरवरी को होगा विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन

चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल में विराट हिंदू सम्मेलन समिति की हुई प्रेस वार्ता
राष्ट्रवादी कलाकार बाबा सत्यनारायण देंगे सामाजिक जागरण का संदेश

FATEHPUR NEWS:  शहर के चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल में विराट हिंदू सम्मेलन समिति की ओर से पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान समिति के जिला अध्यक्ष सुधांशु श्रीवास्तव, संरक्षक राकेश श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष मयूर गुप्ता, महामंत्री धीरज राठौड़, सुधीर सिंह, व्यवस्था प्रमुख अरविंद पाल सिंह एवं रीता सिंह तोमर मौजूद रहे।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने बताया कि पूरे देश में आयोजित हो रहे विराट हिंदू सम्मेलनों की श्रृंखला में फतेहपुर की पावन धरा पर भी एक भव्य विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन दिनांक 1 फरवरी (रविवार) को अपराह्न 12:00 बजे से शिवाजी बस्ती स्थित तामेश्वर मंदिर नदी प्रांगण में संपन्न होगा। समिति ने बताया कि इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हिंदू हृदय सम्राट बाबा सत्यनारायण का सानिध्य एवं आशीर्वचन प्राप्त होगा। बाबा सत्यनारायण एक बहुमुखी प्रतिभा के धनी राष्ट्रवादी कलाकार हैं, जो चित्रकार, कवि, गायक और ओजस्वी वक्ता के रूप में देश-विदेश में विख्यात हैं। उन्हें उनकी प्रसिद्ध ‘भारत माता की आरती’ और श्रीराम मंदिर आंदोलन में भूमिका के लिए विशेष पहचान प्राप्त है। बाबा को उनके समर्थक प्रेम से ‘बब्बर शेर’ के नाम से भी जानते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी विज्ञानानंद महाराज जी द्वारा की जाएगी। सम्मेलन में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके पश्चात बाबा सत्यनारायण अपने ओजस्वी वक्तव्य, गायन एवं चित्रकला के माध्यम से समाज को राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना का संदेश देंगे।
समिति की ओर से समाचार पत्र एवं मीडिया के माध्यम से जनपदवासियों से अपील की गई कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस विराट हिंदू सम्मेलन को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *