Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

फतेहपुर में सड़क सुरक्षा पर सख्ती, डीएम ने दिए कड़े निर्देश
FATEHPUR NEWS: जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति/जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित पूर्व निर्देशों की अनुपालन आख्या की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विस्तृत चर्चा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना फिटनेस किसी भी स्कूली वाहन का संचालन किसी भी दशा में न होने पाए। इस पर विशेष निगरानी रखने के लिए पुलिस विभाग एवं एआरटीओ को जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन विद्यालयों में विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति का गठन नहीं हुआ है, वहां नोडल अध्यापक नामित कर समिति का गठन शीघ्र कराया जाए तथा इसकी नियमित बैठक सुनिश्चित की जाए। उन्होंने एआरटीओ को निर्देश दिए कि गंभीर दुर्घटनाओं में शामिल वाहन चालकों तथा जिन मामलों में चालक की लापरवाही से किसी की मृत्यु हुई हो, उनके विरुद्ध नियमानुसार ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्यवाही की जाए और इसकी रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पुलिस विभाग को निर्देश दिया गया कि दुर्घटनाओं की जांच रिपोर्ट समय से एआरटीओ को उपलब्ध कराए। जिलाधिकारी ने कहा कि जो वाहन चालक बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएं, उनके लाइसेंस निरस्त किए जाएं तथा इसके प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए। सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत जनपद में जीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट कार्यक्रम लागू करने हेतु सड़क निर्माण से जुड़ी कार्यदाई संस्थाओं को क्रिटिकल क्रैश प्रोन लोकेशन पर रोड सेफ्टी एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जिन स्थानों पर एम्बुलेंस का हैंडओवर टाइम 60 मिनट से अधिक है, उसे कम करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर शीघ्र प्रस्तुत करें। इसके साथ ही दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में रम्बल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर, साइनेज, व्हाइट लाइन पेंटिंग आदि कार्य प्राथमिकता पर कराए जाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि ओवर स्पीडिंग पर नियंत्रण हेतु इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसे स्पीड कैमरा लगाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाए। पुलिस व परिवहन विभाग को संवेदनशीलता के साथ निरंतर प्रवर्तन की कार्यवाही करने तथा दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अविनाश त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, उप संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन), जिला विद्यालय निरीक्षक, टीएसआई यातायात, एनएचएआई, समिति सदस्य अशोक तपस्वी, प्रदीप गर्ग, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।