Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

PRAYAGRAJ NEWS: प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार अपराध पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्ती के दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात कुछ और ही नजर आ रहे हैं। कोरांव कस्बे में हुई वाहन चोरी की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना कोरांव अंतर्गत कस्बा कोरांव नगर पंचायत के गोविंद नगर निवासी व्यवसाई दीपचन्द्र केशरी पुत्र लक्ष्मी प्रसाद केशरी के घर के सामने खड़ी बोलोरो पिकअप को अज्ञात चोर ने मंगलवार की बीती रात चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी होते ही पीड़ित ने कोरांव थाने में तहरीर दी। पीड़ित के अनुसार वाहन कई दिनों से खराब अवस्था में घर के सामने खड़ा था और चालू हालत में नहीं था। ऐसे में बिना टोचन किए वाहन ले जाना संभव नहीं था। इसके बावजूद बीच कस्बे से टोचन कर वाहन चोरी किया जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना के 48 घंटे बीत जाने के बावजूद न तो चोरी गए वाहन की बरामदगी हो सकी है और न ही इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है, जिससे पीड़ित वाहन की तलाश में दर-दर भटकने को मजबूर है। स्थानीय लोग पुलिस की सक्रियता और कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं इस संबंध में कोरांव थाना पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है और उसके आधार पर जांच-पड़ताल जारी है। पुलिस के अनुसार जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।