Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान (ब्यूरो प्रमुख) गैंसड़ी ब्लॉक में तैनात सीडीपीओ शिवकुमार मिश्र पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि वसूली का विरोध करने पर कार्यालय के संविदा कर्मी बाबू वीरेंद्र सिंह चौहान को फर्जी रिपोर्ट लगाकर हटवा दिया गया। इस कार्रवाई के विरोध में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने देवीपाटन मंदिर पहुंच कर पीठाधीश्वर से मुलाकात की। कार्यकत्रियों का आरोप है कि सीडीपीओ शिवकुमार मिश्र द्वारा प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकत्री से दो-दो हजार रुपये की अवैध वसूली की जा रही थी। जब संविदा कर्मी वीरेंद्र सिंह चौहान ने इस वसूली का विरोध किया, तो उन्हें अधिकारियों को गलत सूचना देकर हटवा दिया गया और उनका स्थानांतरण उतरौला कर दिया गया। कार्यकत्रियों का कहना है कि संविदा कर्मी को हटाने का कोई औचित्य नहीं है। आक्रोशित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने देवीपाटन मंदिर परिसर में प्रदर्शन किया। आंगनबाड़ी कार्यकत्री रेशम सिंह ने बताया कि सीडीपीओ शिवकुमार मिश्र द्वारा अवैध वसूली शुरू किए जाने से पहले विभागीय कार्य सुचारु रूप से चल रहा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पैसा न देने पर सीडीपीओ द्वारा गाली-गलौज की जाती थी। प्रदर्शनकारी कार्यकत्रियों ने चेतावनी दी है कि जब तक सीडीपीओ को हटाया नहीं जाएगा और बाबू वीरेंद्र सिंह को पुनः गैसड़ी ब्लॉक में बहाल नहीं किया जाएगा, तब तक सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां कार्य बहिष्कार जारी रखेंगी। प्रदर्शन के दौरान, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने देवीपाटन पीठाधीश्वर से मुलाकात कर अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। पीठाधीश्वर ने ज्ञापन को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और न्याय दिलाने में सहयोग का आश्वासन दिया। इस प्रदर्शन में रेशम सिंह, बीना सिंह, सरिता भारती, रीता यादव, मधु भारती, संतोष पांडे, सरोज पांडे, प्रभावती, ममता, हरजीत कौर, रात्रि देवी, संजू गुप्ता, अमिता मिश्रा, शाहिदा सहित सैकड़ों की संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।