Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: सिद्धार्थनगर महोत्सव 2026 के दूसरे दिन गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज तेतरी बाजार के प्रांगण में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी.एन., पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल ने मां सरस्वती व महात्मा बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण परिवेश के बच्चों को अक्सर प्रतियोगी परीक्षाओं की सही जानकारी नहीं मिल पाती है, ऐसे आयोजन उन्हें सही दिशा चुनने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने छात्रों को आईएएस, पीसीएस और नीट जैसी परीक्षाओं के लिए पहले लक्ष्य निर्धारित करने और फिर पाठ्यक्रम के अनुसार कड़ी मेहनत करने की सीख दी। डीएम ने अनुशासन और संस्कारों पर जोर देते हुए कहा कि एक अच्छा अधिकारी बनने से पहले एक अच्छा इंसान बनना जरूरी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने युवाओं को भविष्य की चिंता छोड़ वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। उन्होंने दो टूक शब्दों में सलाह दी कि छात्र मोबाइल का प्रयोग केवल पढ़ाई के लिए करें और सोशल मीडिया व रील्स की दुनिया से दूर रहें। उन्होंने एनसीईआरटी की पुस्तकों को सफलता का आधार बताया। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने भी छात्रों को अपनी रुचि के अनुसार करियर चुनने के लिए प्रेरित किया। काउंसलिंग के विभिन्न सत्रों में ध्येय आईएएस की सीईओ वर्षा सिंह ने सिविल सेवा, आकाश कोचिंग के डॉ. संजय पाण्डेय व एम्स के अजय राज पटेल ने मेडिकल, एलेन टीम के आनंद श्रीवास्तव ने इंजीनियरिंग और करियर विल के संदीप शर्मा ने एसएससी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह व जनपद का प्रसिद्ध काला नमक चावल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, बीएसए शैलेश कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।