Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

LAKHIMPUR KHERI NEWS: मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक ओवरलोड गन्ना लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे की चपेट में एक स्कूल वैन आ गई, जिसमें सत्य पब्लिक स्कूल, मोहम्मदी के 19 छात्र सवार थे। यह घटना शुक्लपुर के पास हुई, जब छात्र विद्यालय से बिचपुरी की ओर जा रहे थे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुवाया की ओर से मोहम्मदी गन्ना मंडी जा रहा ट्रक अचानक अपना संतुलन खो बैठा। इसके बाद वह सड़क किनारे चल रही स्कूली वैन पर पलट गया। ट्रक के नीचे दबने से वैन में सवार सभी 19 बच्चे फंस गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में कक्षा छह का छात्र विराट गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।उसे मोहम्मदी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है,जहां उसका उपचार जारी है।घायल छात्र ने बताया कि वैन में कुल 19 बच्चे सवार थे।इस दुर्घटना में एक मोटरसाइकिल भी ट्रक के नीचे दब गई, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार, प्रभारी निरीक्षक सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्रीय विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुलिस-प्रशासन की लापरवाही के कारण कस्बे में ओवरलोड वाहनों का संचालन लगातार जारी है,जिससे इस तरह के हादसे हो रहे हैं।हादसों के बाद भी जिम्मेदार संज्ञान नहीं लेते जो अपने आप में प्रश्न है।