गौतस्करी में धराए नेता जी, ग्राम प्रधान समेत तीन गिरफ्तार

MIRZAPUR NEWS:  थाना संतनगर क्षेत्र में स्थित गोशाला से संरक्षित गौवंशों की तस्करी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान व एक राजनीतिक दल के जिलाध्यक्ष समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, गोशाला से गायों के गायब होने की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि ग्राम सोनबरसा स्थित गोशाला से आर्थिक लाभ के लिए अवैध रूप से गौवंशों की बिक्री की जा रही थी। इस मामले में ग्राम प्रधान श्याम बहादुर पटेल की संलिप्तता पाई गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे गौतस्करी विरोधी अभियान के तहत शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक संतनगर राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में श्याम बहादुर पटेल पुत्र स्व. हीरालाल पटेल, निवासी सोनबरसा थाना लालगंज (ग्राम प्रधान व एक राजनीतिक दल का जिलाध्यक्ष) दिलीप कुमार राम उर्फ सुभाष पुत्र रकसू, निवासी उमापुर थाना भगवानपुर, जनपद कैमूर (भभुआ) बिहार राजेश कोल पुत्र स्व. जीरा कोल, निवासी उरुवा थाना लालगंज, जनपद मीरजापुर शामिल हैं। थाना संतनगर में इस संबंध में मु0अ0सं0-09/2026 धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया । पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि ग्राम प्रधान श्याम बहादुर पटेल अपने पुत्र व अन्य तस्करों के साथ मिलकर गोशाला से गौवंशों को अवैध रूप से बेचता था। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। ग्राम प्रधान श्याम बहादुर पटेल और दिलीप कुमार राम का आपराधिक इतिहास भी है। पकड़े गए अभियुक्तों से पुलिस कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *