कन्थुवा में बाबा साहेब अम्बेडकर पार्क व सार्वजनिक पुस्तकालय की आधारशिला, सामाजिक न्याय का दिया संदेश

KAUSHAMBI NEWS:  भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की स्मृति में कन्थुवा में प्रस्तावित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क एवं सार्वजनिक पुस्तकालय की आधारशिला समारोह पूर्वक रखी गई। यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, शिक्षा और समानता के संदेश के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री मतेश चन्द्र सोनकर रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि नायब तहसीलदार विनय सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी अंकित मिश्रा ने की तथा संचालन सागर निषाद ने प्रभावशाली ढंग से किया। मुख्य अतिथि मतेश चन्द्र सोनकर ने अपने संबोधन में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन संघर्षों और सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का नारा “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” आज भी देश और समाज को दिशा देने वाला मंत्र है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने छुआछूत जैसी कुरीतियों के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया और महिलाओं को समान अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए। उनका सपना जाति-मुक्त, शोषण-मुक्त और न्यायपूर्ण समाज का था, जिसे साकार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।विशिष्ट अतिथि नायब तहसीलदार विनय सिंह ने कहा कि बाबा साहेब ने विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान बनाकर भारत को लोकतंत्र की मजबूत नींव दी। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, साहस और आत्मसम्मान की प्रेरक गाथा है। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शिक्षा को अपना हथियार बनाकर समाज के वंचित वर्गों को अधिकार दिलाए।इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य अशोक गौतम ने भी बाबा साहेब के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर का पूरा जीवन सामाजिक न्याय और समानता की स्थापना के लिए समर्पित रहा। उन्होंने युवाओं से बाबा साहेब के विचारों को अपनाने और शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाजसेवी अंकित मिश्रा ने कहा कि अंबेडकर पार्क और सार्वजनिक पुस्तकालय क्षेत्र के लोगों, विशेषकर युवाओं के लिए शिक्षा और जागरूकता का केंद्र बनेंगे। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय समाज में ज्ञान का प्रकाश फैलाने का कार्य करेगा। कार्यक्रम के अंत में संचालन कर रहे सागर निषाद ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समाजसेवी, युवा और बुद्धिजीवी वर्ग के लोग मौजूद रहे। लोगों ने बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने और सामाजिक समानता व भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।इस कार्यक्रम में सागर निषाद, ब्रम्ह प्रसाद त्रिपाठी, मुन्ना तिवारी,जगरूप गौतम, सूर्यभान गौतम, ओम प्रकाश पाल,राजकरन पाल, उमेश प्रजापति, सूबेदार सिंह यादव, अशोक गौतम, संतलाल पाल, धनराज यादव,अखिलेश यादव,गुलाब गौतम, बौद्ध जी, रंजीत पाल, अमित पाल के साथ साथ हजारों की संख्या में लोग एकत्रित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *