Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

KAUSHAMBI NEWS: जनपद में संचालित परिषदीय विद्यालयों में शासन के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा 29 जनवरी से कक्षा एक व कक्षा दो में अध्ययनरत विद्यार्थियों का निपुण असेसमेंट कराया जा रहा है। यह कार्य डीलएड प्रशिक्षुओं के माध्यम से संपन्न कराया जा रहा है, जिससे छात्रों की बुनियादी दक्षताओं का आकलन किया जा सके। इसी क्रम में शनिवार को विकास खंड कड़ा के कंपोजिट विद्यालय सौरई बुजुर्ग में डीलएड प्रशिक्षु खुशबू सिंह व गरिमा सिंह ने विद्यालय पहुंचकर निपुण असेसमेंट का कार्य पूर्ण किया। इस दौरान कक्षा एक व कक्षा दो के बारह-बारह छात्रों का मूल्यांकन निपुण प्लस मोबाइल ऐप के माध्यम से किया गया। असेसमेंट प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल रही, जिसमें छात्रों की पठन, लेखन व गणितीय समझ से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विद्यालय के शिक्षक अजय कुमार साहू ने बताया कि निपुण आकलन के समय सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। बच्चों ने मोबाइल ऐप के माध्यम से पूछे गए प्रश्नों को सरल व सहज ढंग से समझते हुए उत्तर दिए। उन्होंने बताया कि छात्रों का उत्साह सराहनीय रहा और सभी बच्चे निपुण लक्ष्य की दिशा में अग्रसर दिखाई दिए। असेसमेंट के दौरान विद्यालय का शैक्षिक वातावरण अनुशासित व सहयोगपूर्ण रहा। कक्षा अध्यापक राजेश व योगेंद्र यादव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशिक्षुओं को आवश्यक सहयोग प्रदान किया। शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार के आकलन से छात्रों की वास्तविक शैक्षिक स्थिति का पता चलता है, जिससे भविष्य की शिक्षण योजना तैयार करने में सहायता मिलती है। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित निपुण भारत मिशन के अंतर्गत इस प्रकार का आकलन बच्चों की बुनियादी शिक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।