Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

दिन-प्रतिदिन हो रही सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय, लोग जानकर भी बन रहे अनजान: प्रमोद शुक्ला
FATEHPUR NEWS: शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 की थीम ‘परवाह’ के अंतर्गत जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी फतेहपुर रविन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव (पीआईयू कानपुर) के निर्देशानुसार त्रिवेणी संगम हाइवे प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बड़ौरी टोल प्लाजा पर सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीओ ट्रैफिक प्रमोद शुक्ला रहे। उनके साथ ट्रैफिक इंस्पेक्टर लालजी सविता, प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश भारद्वाज, धर्मेंद्र सिंह, अतुल यादव एवं अविनाश द्विवेदी उपस्थित रहे। सीओ ट्रैफिक प्रमोद शुक्ला ने बताया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशानुसार पूरे माह सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के सभी स्कूलों में स्लोगन प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, पेंटिंग, रैली, नुक्कड़ नाटक, वाहन चालकों के लिए नेत्र परीक्षण तथा टोल से गुजरने वाले वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर टेप लगाने जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिन-प्रतिदिन सड़कों पर हो रही दुर्घटनाएं बेहद चिंता का विषय हैं। लोग नियम जानते हुए भी अनजान बन रहे हैं, जिसका खामियाजा पूरे परिवार को भुगतना पड़ता है। इस अवसर पर सैकड़ों वाहन चालकों को पंपलेट वितरित किए गए और उनके वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर स्टीकर लगाए गए। साथ ही आम जन को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। वहीं प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश भारद्वाज ने बताया कि उनका लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं में निरंतर कमी लाना है। सड़क सुरक्षा माह के बाद भी पूरे वर्ष हाइवे से सटे ग्राम पंचायतों, स्कूलों, कॉलेजों, होटल-ढाबों और वाहन चालकों को पंपलेट के माध्यम से जागरूक किया जाएगा ताकि उत्तर प्रदेश को सड़क दुर्घटना मुक्त बनाया जा सके।
कार्यक्रम में त्रिवेणी संगम हाइवे प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारी अतुल यादव, अविनाश द्विवेदी, संदीप पांडे, पुष्पेंद्र, अजीत सिंह, फैय्याज आलम सहित बड़ी संख्या में वाहन चालक मौजूद रहे।