बकेवर ओवरब्रिज पर बड़ा हादसा टला:

डीसीएम की टक्कर से गिरे पत्थर की चपेट में आई महिला, पैर टूटा

ETAWA NEWS:  रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बकेवर–भर्थना ओवरब्रिज पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित डीसीएम ओवरब्रिज पर रखे पत्थरों से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डिवाइडर के पास रखा भारी पत्थर नीचे सर्विस रोड पर जा गिरा, जिसकी चपेट में वहां खड़ी एक महिला आ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मधु पत्नी सुभाष चन्द्र, निवासी ग्राम बिजौली थाना बकेवर, अपने मायके बाबरपुर (औरैया) जाने के लिए ओवरब्रिज के नीचे सर्विस लाइन पर वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मथुरा से औरैया की ओर जा रही डीसीएम अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद डिवाइडर पर रखा पत्थर नीचे गिर पड़ा, जो सीधे महिला के दाहिने पैर पर लगा। पत्थर लगने से महिला का पैर टूट गया तथा शरीर में अन्य गंभीर चोटें भी आईं। गनीमत रही कि घटना के समय नीचे अधिक भीड़ नहीं थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर ड्यूटी कर रहे होमगार्ड अमन तिवारी ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल महिला को बकेवर स्थित 50 शैय्या अस्पताल पहुंचाया। वहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. पुष्पेन्द्र कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बकेवर विपिन कुमार मलिक एवं कस्बा इंचार्ज विनीत पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डीसीएम चालक को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं हाईवे पेट्रोलिंग अधिकारी जितेंद्र वर्मा भी मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। घटना के बाद ओवरब्रिज पर रखे पत्थरों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *