ओवरलोड डंपरों ने उधड़ी सड़क, गुस्साए किसानों ने रोकी

आवाजाही, जाम से मचा हड़कंप

ETAWA NEWS: क्षेत्र में रेलवे कार्य के लिए डंपरों द्वारा मिट्टी ढुलाई किए जाने से राष्ट्रीय राजमार्ग से डुडहा गांव होते हुए वैदपुरा जाने वाला सड़क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क की बदहाल स्थिति से आक्रोशित किसान यूनियन के पदाधिकारियों व ग्रामीणों ने गुरुवार दोपहर डंपरों की आवाजाही रोक दी, जिससे मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बन गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। किसानों का कहना है कि यह सड़क पहले से ही खराब हालत में थी, लेकिन ठेकेदार द्वारा भारी संख्या में ओवरलोड डंपरों से मिट्टी ढुलाई कराए जाने के कारण सड़क पर कई-कई फुट गहरे गड्ढे हो गए हैं। इससे स्कूली बच्चों, महिलाओं और बाजार आने-जाने वाले ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब तक दर्जनों लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं। किसान यूनियन अध्यक्ष रामौतार यादव, प्रधान लक्ष्मी नारायण, देशराज, सतीश कुमार, जगदीश सिंह, जयप्रकाश, अवधेश कुमार, अरुण कुमार, उदय सिंह व सनोज कुमार सहित अन्य किसानों ने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में मिट्टी से लदे डंपर इस मार्ग से गुजर रहे हैं। पूर्व में ठेकेदार से सहमति बनी थी कि पहले सड़क के गड्ढे भरे जाएंगे, उसके बाद ही डंपरों की आवाजाही होगी, लेकिन बिना सड़क दुरुस्त कराए ही कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे किसानों में रोष फैल गया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसान यूनियन के लोगों से वार्ता कर स्थिति को शांत कराया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मार्ग को आंशिक रूप से चालू कराया गया तथा किसानों को तहसील दिवस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। किसान यूनियन का आरोप है कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन हर बार बजट का हवाला देकर मामला टाल दिया गया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *