एनएचआई के मानकों की अनदेखी कर शुरू हुआ

गंगापुरा-बख्तियारपुरा टोल प्लाजा, सपा जिलाध्यक्ष ने डीएम से की शिकायत
ETAWA NEWS:  समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य ‘बबलू’ ने आज जिलाधिकारी इटावा को ज्ञापन सौंपते हुए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने अवगत कराया कि एनएचआई के निर्धारित मानकों के विपरीत इटावा-फर्रुखाबाद मार्ग पर चौबिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगापुरा-बख्तियारपुरा चौराहा स्थित टोल प्लाजा को जल्दबाजी में शुरू कर दिया गया है। सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि यह टोल प्लाजा अंशिका इंटरप्राइजेज, बनारस की कंपनी को तीन माह के ट्रायल के लिए दिया गया है, जबकि नियमों के अनुसार किसी भी राष्ट्रीय राजमार्ग पर 60 किलोमीटर की दूरी पूरी होने के बाद ही दूसरा टोल प्लाजा बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस टोल से मात्र लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर मध्य प्रदेश के जनपद भिंड के बरही में पहले से ही एक टोल प्लाजा संचालित है, जो सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि टोल प्लाजा को शुरू करने में इतनी जल्दबाजी दिखाई गई कि इटावा और टोल प्लाजा के बीच दतावली नहर पुल व लुहिया नहर पुल सहित कई स्थानों पर अभी निर्माण कार्य अधूरा है और आगे भी पुलों का निर्माण कार्य जारी है। ऐसी स्थिति में टोल वसूली शुरू करना पूरी तरह से मानकों के खिलाफ है। सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य ‘बबलू’ ने जिलाधिकारी से जनहित में मांग की कि उक्त टोल प्लाजा की वसूली को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आम जनमानस को न्याय दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी को धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस मौके पर ज्ञापन देने वालों में वरिष्ठ नेता उदयभान सिंह यादव, सर्वेश शाक्य, पार्टी प्रवक्ता विक्की गुप्ता, विधानसभा अध्यक्ष उमेश राजपूत ‘डुल्ले’, जिला सचिव प्रवीण कुशवाहा, डॉ. संतोष राठौर, प्रशांत शाक्य, राजेश यादव, अंकुर यादव सहित कई सपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *