कुटकुट शाला पशु अस्पताल निर्माण में खुली लापरवाही की पोल, घटिया ईंटों से हो रहा काम, जिम्मेदार मौन

ETAWA NEWS:  कस्बा बकेवर के लखना रोड स्थित कुटकुट शाला पशु अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। अस्पताल की बाउंड्री व अन्य निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा मानकों को दरकिनार करते हुए तीन नंबर की घटिया ईंटों का धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार सरकारी धन से बनाए जा रहे इस पशु अस्पताल में गुणवत्ता की पूरी तरह अनदेखी की जा रही है। घटिया सामग्री के प्रयोग से भवन और बाउंड्री की मजबूती प्रभावित होने की आशंका है, जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे से भी इनकार नहीं किया जा सकता। चिंताजनक पहलू यह है कि अब तक किसी भी जिम्मेदार विभागीय अधिकारी ने निर्माण स्थल का निरीक्षण करना जरूरी नहीं समझा। अधिकारियों की इस लापरवाही का फायदा उठाकर ठेकेदार मनमाने तरीके से निर्माण कार्य करा रहा है, जबकि नियमानुसार समय-समय पर गुणवत्ता जांच की जानी चाहिए। मामले को लेकर क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। लोगों ने संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि निर्माण कार्य की तत्काल जांच कराई जाए, घटिया सामग्री के इस्तेमाल पर रोक लगे और दोषी ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि निर्माण कार्य तय मानकों के अनुसार हो, ताकि सरकारी धन की बर्बादी रोकी जा सके और पशु अस्पताल सुरक्षित व मजबूत बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *