Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

कार्यालयों का निरीक्षण करते जिलाधिकारी
निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित वादों के निस्तारण व व्यवस्था सुधार के दिए निर्देश
BHADOHI NEWS: डीएम शैलेश कुमार ने गुरुवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व कुंवर वीरेंद्र मौर्य और एडीएम न्यायिक विजय नारायण सिंह के साथ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सभी कार्यालयों और न्यायालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे कलेक्ट्रेट परिसर का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने विशेष रूप से एडीएम वित्त एवं राजस्व, एडीएम न्यायिक और एसडीएम ज्ञानपुर के न्यायालयों का निरीक्षण किया। इन न्यायालयों में डीएम ने पांच वर्ष से अधिक अवधि से लंबित वादों की पत्रावलियों का अवलोकन किया। उन्होंने ऐसे सभी लंबित वादों की निरंतर सुनवाई कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, डीएम ने निर्वाचन कार्यालय, कोषागार, चकबंदी, अभियोजन, संयुक्त कार्यालय, अभिलेखागार, शिकायत लिपिक, ईआरके भूलेख, आयुध खनन, डीएलआरसी, वाईएलबीसी और खाद्य सुरक्षा औषध सहित विभिन्न कार्यालयों और पटलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पत्रावलियों और फाइलों को सुव्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित भवनों में साफ-सफाई की स्थिति, जनसामान्य के लिए बैठने की व्यवस्था, पूछताछ व स्वागत कक्ष, पेयजल, जन प्रसाधन, वाहन पार्किंग और भवन मरम्मत जैसी सुविधाओं का भी गहन निरीक्षण किया गया। डीएम ने इन सभी व्यवस्थाओं को समुचित रूप से सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। समस्त राजस्व न्यायालयों के निरीक्षण के दौरान, आरसीसीएमएस प्रणाली पर लंबित राजस्व वादों की प्रविष्टि की स्थिति, पांच वर्ष से पुराने वादों के निस्तारण, निस्तारित वादों के आदेशों के ऑनलाइन अपलोड, निर्णीत वाद पत्रावलियों के दाखिल-दफ्तर की स्थिति और अपील एवं निगरानी के लिए प्राप्त मांग पत्रों के सापेक्ष संबंधित न्यायालयों को पत्रावलियों के प्रेषण जैसे बिंदुओं पर गहन समीक्षा की गई।