Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

गांधी सभागार कलेक्ट्रेट में मंडलायुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
2364 मतदेय स्थल और 1404 मतदान केंद्रों की दी गई जानकारी
FATEHPUR NEWS: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत शुक्रवार को प्रयागराज मंडल की मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से छूटने न पाए, इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सर्वे करें और सभी पात्र नागरिकों का नाम सूची में जोड़ें। विशेष रूप से दिव्यांग, थर्ड जेंडर और 18 से 19 आयु वर्ग के मतदाताओं को प्राथमिकता के आधार पर जोड़े जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 2364 मतदेय स्थल और 1404 मतदान केंद्र हैं। जनपद का जेंडर रेशियो 807 और ईपी रेशियो 53.65 है। सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को मतदाता सूची की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध करा दी गई है। वहीं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि फॉर्म 6, 7 और 8 पर्याप्त मात्रा में बीएलओ के पास उपलब्ध हैं। स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 110 कैंपस एम्बेसडर नियुक्त किए गए हैं और कॉलेजों में मेहंदी प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रत्येक बीएलओ कम से कम 100 फॉर्म एकत्र करें, जिससे जेंडर रेशियो में सुधार हो सके। साथ ही अनर्ह मतदाताओं के नाम आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही हटाए जाएं। बैठक के बाद मंडलायुक्त ने फतेहपुर और खागा विधानसभा क्षेत्रों के कुछ बूथों का निरीक्षण भी किया और फार्मों की उपलब्धता, फोटो की शुद्धता और नो मैपिंग मामलों की जानकारी ली। इस अवसर पर विधायक जहानाबाद राजेन्द्र पटेल, विधायक खागा कृष्णा पासवान सहित भाजपा, बसपा, सपा, कांग्रेस, माकपा, आम आदमी पार्टी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।