Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, साइबर अपराध, महिला उत्पीड़न एवं थानों से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर सभी फरियादियों की बात सुनी और संबंधित थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल करना है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी फरियादी को बेवजह थानों के चक्कर न काटने पड़ें और शिकायतों का समाधान पारदर्शी ढंग से किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन मामलों में त्वरित कार्यवाही की आवश्यकता है, उनमें तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, वहीं लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण किया जाए। एसपी अनूप कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास कायम करना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है। जनसुनवाई जैसे कार्यक्रमों से आमजन को सीधे अपनी बात रखने का अवसर मिलता है, जिससे समस्याओं का समाधान तेजी से संभव हो पाता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।