Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक फतेहपुर के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों द्वारा मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत बहू-बेटी सम्मेलन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराध, महिला सशक्तिकरण, नारी सुरक्षा, स्वावलंबन और उनके अधिकारों के संबंध में जागरूक किया गया। इस अभियान के तहत थाना हुसैनगंज की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम कढ़ीवा में चौपाल लगाकर महिलाओं को पंपलेट वितरित किए तथा महिला अपराध, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर बिना डरे अपनी आवाज उठाने की अपील की। महिला थाना की मिशन शक्ति टीम ने थाना राधानगर क्षेत्र में भ्रमणशील रहते हुए एंटी रोमियो चेकिंग की और ग्राम रमवा में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित कर महिलाओं को महिला अपराध, साइबर अपराध और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक किया। थाना बिंदकी की टीम ने सोहन लाल द्विवेदी इंटर कॉलेज में छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, वहीं थाना जहानाबाद की टीम ने क्षेत्र में एंटी रोमियो चेकिंग कर बहू-बेटी सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं को कन्या सुमंगला योजना, आयुष्मान भारत योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट सखी और राष्ट्रीय पोषण मिशन जैसी योजनाओं की जानकारी दी। थाना खागा की टीम ने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में छात्राओं को जागरूक किया, जबकि थाना हथगांव की टीम ने सिठौरा चौराहे और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं को पंपलेट वितरित कर महिला अपराधों के प्रति सजग किया। थाना बकेवर की मिशन शक्ति टीम ने प्राथमिक विद्यालय पतारी में छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन नंबरों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल शैली में संवाद सत्र कर महिलाओं को आत्मरक्षा के उपायों, सरकारी योजनाओं और सहायता नंबरों की जानकारी दी। महिलाओं से निडर होकर अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का आह्वान किया गया। सम्मेलन में शामिल महिलाओं ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से घरेलू हिंसा और पारिवारिक समस्याओं को साझा करने का अवसर मिला है तथा उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है। महिलाओं ने कहा कि पुलिस के प्रति उनका विश्वास मजबूत हुआ है और ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से होते रहने चाहिए, जिससे वे स्वयं को सुरक्षित और सशक्त महसूस कर सकें।