Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
PRAYAGRAJ NEWS: कृषि विभाग द्वारा आयोजित 05 दिवसीय विराट किसान मेले के द्वितीय दिवस का आयोजन शुक्रवार को माघ मेला क्षेत्र के सेक्टर-3 स्थित गंगा पंडाल में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मेले में कृषि विभाग, डेयरी विभाग, उद्यान विभाग एवं विभिन्न कृषक उत्पादक संगठनों द्वारा 40 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जिनमें खाद, बीज, कृषि रक्षा रसायन, सोलर पंप, ड्रोन, कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया गया। मंत्रियों द्वारा स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों को किसानों को उन्नत तकनीकों से जोड़ने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में लगभग 1500 कृषकों ने प्रतिभाग किया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रश्नोत्तरी के माध्यम से किसानों की समस्याएं सुनीं और शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा निजी नलकूपों के बिजली बिल माफ किए जा चुके हैं तथा कृषि निवेशों पर पीओएस मशीन के माध्यम से अनुदान दिया जा रहा है। मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, फार्मर रजिस्ट्री ,किसान पहचान पत्र की अनिवार्यता और पीएम किसान योजना की जानकारी दी गई। मंत्री ने आत्मनिर्भर भारत-2047 के लक्ष्य को दोहराते हुए किसानों को बीज उत्पादन व प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में लाभार्थी कृषकों को सम्मानित किया गया तथा 10 किसानों को बीज मिनीकिट, 10 को कृषि रक्षा रसायन और 10 किसानों को कस्टम हायरिंग प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके उपरांत कृषि मंत्री ने जनपद के कृषि अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर योजनाओं की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। संयुक्त कृषि निदेशक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।