अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले;शिनाख्त में जुटी पुलिस
LAKHIMPUR KHERI NEWS: शनिवार को सुबह खमरिया में  एक सड़क हादसे में एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। यह घटना चौधरी बेचेलाल डिग्री कॉलेज के सामने हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मार दी। दुर्घटना सुबह लगभग 4:00 बजे हुई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद करीब 28 वर्षीय युवक को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे अनुमान है कि टक्कर तेज रफ्तार वाहन से हुई होगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।समाचार लिखे जाने तक मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि यदि शीघ्र शिनाख्त नहीं होती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।थाना खमरिया पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त मृतक के संबंध में कोई भी जानकारी हो, तो तत्काल थाना खमरिया को सूचित करें। इससे मृतक की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *